वाराणसी । गंगातटवर्ती 25 वार्डों में नगर निगम का स्मार्ट वाट्सऐप चैटबॉट दूसरे दिन भी नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान में पूरी तरह सफल रहा। बुधवार को चैटबॉट के माध्यम से नागरिक सुविधाओं से जुड़ी 13 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनका नगर निगम की टीमों ने निर्धारित चार घंटे की समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत समाधान करा दिया। कंट्रोल रूम की सीधी निगरानी के चलते शिकायत मिलते ही संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं।


अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने बताया कि व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए शिकायतों की लगातार निगरानी की जा रही है। जलकल विभाग को मिली आठ शिकायतों में सीवर ओवरफ्लो, गंदे पानी का बहाव और पेयजल पाइपलाइन लीकेज की समस्याएं शामिल थीं। टीमों ने एक से तीन घंटे के भीतर समस्याओं का समाधान किया।

निर्माण विभाग ने सिगरा और प्रहलाद घाट में खुले नालों पर सुरक्षात्मक बैरिकेडिंग कराई, जबकि सिगरा में जलभराव की समस्या दूर की गई। बंगाली टोला में स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट उतरने की शिकायत का प्रकाश विभाग ने महज एक घंटे 12 मिनट में समाधान कर संभावित हादसा टाल दिया। चैटबॉट की त्वरित कार्रवाई से नागरिकों का नगर निगम व्यवस्था पर भरोसा मजबूत हो रहा है।






