वाराणसी । जनपद के सिंधोरा थाना क्षेत्र के अमौत (जैंगर) गांव में करैत सांप के काटने से तीन वर्षीय मासूम राजबीर की दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों ने पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया, जिससे उपचार में देरी हो गई। बाद में अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद प्रशिक्षित सर्प मित्र सर्वेश ने करैत का सुरक्षित रेस्क्यू किया, जिससे किसी अन्य व्यक्ति को खतरा न रहे।
सर्वेश वन्य जीव संरक्षण संस्थान ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी प्रकार के अंधविश्वास, झाड़-फूंक या तंत्र-मंत्र में समय न गंवाएं। सर्पदंश एक चिकित्सकीय आपात स्थिति है और पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाना ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है।
संस्थान ने यह भी कहा कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर उसे मारने का प्रयास न करें, बल्कि सुरक्षित दूरी बनाकर प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।









