वाराणसी । 07 अगस्त 2026 मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में मंडल चिकित्सालय, वाराणसी में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.जे. चौधुरी एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का शुभारंभ मुख्य नर्सिंग अधीक्षक समीक्षा रानी से फीता कटवाकर कराया गया। इस अवसर पर डीआरएम ने स्वयं रक्तदान कर रेलकर्मियों को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। शिविर में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर विनीत कुमार, विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी यूनियनों के पदाधिकारी तथा कुल 21 रेलकर्मियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

रक्तदान से पूर्व सभी दाताओं की स्वास्थ्य जांच आईएमए की टीम ने की। रक्तदान के बाद सभी को अल्पाहार और फ्रूट जूस उपलब्ध कराया गया। डीआरएम आशीष जैन ने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चौधुरी ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए नियमित स्वैच्छिक रक्तदान का आह्वान किया।









