गाजीपुर । जनपद के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान डीएम ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति तथा पेंशन योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी महाविद्यालयों के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने तथा तहसील स्तर पर योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचना चाहिए।
राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी मामलों की प्रगति समय से पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा में असंतोषजनक फीडबैक वाले विभागों पर नाराजगी जताई।
उन्होंने अधिकारियों को लंबित एवं असंतुष्ट शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जनशिकायतों के त्वरित समाधान से ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ आमजन तक पहुंचाया जा सकता है।
ब्यूरो गाजीपुर संजय यादव।









