Search
Close this search box.

हाईवे पर ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने भिड़ंत, दोनों चालक गंभीर रूप से घायल; घंटों लगा जाम

वाराणसी । राजातालाब थाना क्षेत्र के वीरभानपुर गांव के सामने गुरुवार को हाईवे पर ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में डीसीएम चालक मोनू पुत्र सर्वजीत निवासी गढ़मुक्तेश्वर, जनपद हापुड़ और ट्रक चालक सागर हुसैन निवासी शेरघाटी, गया (बिहार) शामिल हैं।

बताया गया कि सावन मास में कांवरियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रयागराज से वाराणसी जाने वाले हाईवे मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित किया गया है। इसके चलते दूसरी लेन पर ही दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही हो रही है। इसी दौरान वीरभानपुर के पास ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही राजातालाब थाना प्रभारी दयाशंकर और चौकी प्रभारी राजेश मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घायल दोनों चालकों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें