मीरजापुर: आम जनता की शिकायतों के त्वरित और संतोषजनक निस्तारण की प्राथमिकता के तहत आज कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने एक-एक फरियादी की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कार्यालय पहुंचते ही जनता दर्शन में उपस्थित फरियादियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी प्राप्त प्रार्थना पत्रों की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जन शिकायतों का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी मामले में असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त होता है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जनता दर्शन में जिलाधिकारी की सक्रियता और गंभीरता को देखकर फरियादियों ने संतोष जताया।










