गाजीपुर: करंडा थाना क्षेत्र के धरम्मरपुर गांव में बुधवार को दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोरी वर्तिका यादव की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह बारिश के बीच शौच के लिए घर से बाहर जा रही थी। फिसलने से बचने के लिए उसने सड़क किनारे लगे बिजली पोल की छरकी (सपोर्ट वायर) को पकड़ लिया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, वर्तिका यादव, पुत्री राकेश यादव, शौच के लिए खेत की ओर जा रही थी, तभी तेज बारिश शुरू हो गई। भीगने से बचने के लिए वह जल्दी-जल्दी खेत से गुजरने लगी। सड़क किनारे लगे बिजली पोल के पास फिसलने से बचने के लिए उसने छरकी थामी, लेकिन उसमें उतर रहे करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई।
उसे तड़पता देख आसपास के ग्रामीण दौड़े और किसी तरह उसे पोल से अलग कर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में शोक और आक्रोश
इस हृदयविदारक हादसे के बाद गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई है और मांग की है कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
पुलिस की कार्रवाई
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।










