वाराणसी: बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोईराजपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब वरुणा नदी में मछुआरे के जाल में एक रहस्यमयी ‘चार आंखों वाली’ मछली फंस गई। यह मछली न सिर्फ दिखने में विचित्र है, बल्कि इसकी त्वचा पत्थर जैसी कठोर, चेहरा अलग और मुंह नीचे की ओर है, जो आम मछलियों से बिल्कुल अलग है।

मछुआरों द्वारा पकड़ी गई यह मछली गांव के रिंग रोड किनारे पानी की टंकी में रखी गई है, जहां इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। गांववालों और ढाबा संचालकों का कहना है कि उन्होंने ऐसा जीव पहले कभी नहीं देखा।
जानकारों के मुताबिक, इस मछली को ‘करचामा’ या सकरमाउथ कैटफिश (Sucker Mouth Catfish) कहा जाता है, जो आमतौर पर अमेजन बेसिन और अन्य उष्णकटिबंधीय जल स्रोतों में पाई जाती है। माना जा रहा है कि यह मछली किसी एक्वेरियम से निकलकर नदी में पहुंची होगी।
हैरानी की बात यह है कि अब तक इस अनोखी मछली की सूचना वन विभाग या किसी भी वैज्ञानिक संस्था को नहीं दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की विदेशी प्रजातियाँ स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को नुकसान पहुंचा सकती हैं।









