Search
Close this search box.

बलिया में 22 फरवरी को मेगा विधिक सहायता शिविर, वृद्धा, विधवा, दिव्यांग और किसानों को मिलेगा लाभ

बलिया। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश और जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल कुमार झा के आदेशानुसार 22 फरवरी 2026 (रविवार) को बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके सफल आयोजन को लेकर सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दीवानी न्यायालय, बलिया में आवश्यक तैयारी बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता सचिव श्री संजय कुमार गोंड ने की।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और उन्हें निर्देश दिया गया कि शिविर से पूर्व लघु एवं सूक्ष्म विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। आम जनता को यह जानकारी दी जाएगी कि मेगा शिविर में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्राप्त किया जा सकेगा।

शिविर में वृद्धा पेंशन योजना, विधवा पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रमिक पेंशन योजना, विश्वकर्मा सम्मान योजना, किसानों से संबंधित योजनाएं और दिव्यांगजनों के लिए संचालित योजनाओं सहित अन्य विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बैठक में तहसीलदार सदर अतुल हर्ष, नायब तहसीलदार बांसडीह विशाल साह, नायब तहसीलदार सिकंदरपुर दुर्गेश प्रसाद गोंड, नायब तहसीलदार बैरिया अनिल कुमार यादव, सूचना अधिकारी ऋषभ देव त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. अमरेन्द्र पौत्स्यायन, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रतिनिधि अमरनाथ चौरसिया और विनोद सिंह उपस्थित थे। अधिकारियों ने शिविर को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने का आश्वासन दिया।

संवाददाता: संजय सिंह, बलिया

Leave a Comment

और पढ़ें