Search
Close this search box.

रानी बाजार में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर डीसीपी ने किया पैदल मार्च, भारी संख्या में फोर्स तैनात, दुकानें बंद, पसरा सन्नाटा

राजातालाब: रानी बाजार में सोमवार को अदलपुरा से जंसा जल चढ़ाने जा रहे एक कांवरिए के साथ मारपीट की घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। घटना के दूसरे दिन मंगलवार को पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थित राजातालाब क्षेत्र में हालात सामान्य रहे, हालांकि सतर्कता के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

घटना के बाद स्थानीय संभ्रांत लोग और बुजुर्ग हैरत में हैं कि शांत माने जाने वाले इलाके में ऐसी घटना कैसे घट गई। लोगों का मानना है कि यदि सभी पक्षों ने समझदारी दिखाई होती तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता था।

इस दौरान रानी बाजार और उसके आसपास के इलाकों में पुलिस का लगातार गश्त जारी रहा। पुलिस के साथ पीएसी, आरपीएफ, दंगा नियंत्रण बल सहित भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से डीसीपी आकाश पटेल और एसीपी अजय कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च निकाला। यह मार्च राजातालाब सब्जी मंडी पुलिस चौकी से शुरू होकर रानी बाजार होते हुए रेलवे लाइन के पास घटनास्थल तक पहुंचा। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

घटनास्थल के आसपास स्थित सभी दुकानें मंगलवार को बंद रहीं और गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, मुस्लिम समुदाय द्वारा बनाए गए ताजिया स्थल के पास सोमवार को हुई तोड़फोड़ के दौरान एक क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी मिली।

पुलिस ने इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें