वाराणसी: पिंडरा फोरलेन बाईपास पर बेलवा ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सीएनजी गैस से भरे टैंकर से गैस लीक होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गेल (GAIL) के तकनीकी दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस के रिसाव के कारण तेज आवाज और बदबू से इलाके में दहशत फैल गई। करीब एक घंटे तक पूरे क्षेत्र में भगदड़ जैसी स्थिति बनी रही, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन रहा सतर्क
पुलिस ने तुरंत यातायात को दोनों ओर से रोक दिया और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी। गेल की टीम ने मौके पर पहुंचकर लीकेज को तकनीकी रूप से बंद कराया।
पिंडरा थाने के प्रभारी ने बताया कि “गनीमत रही कि समय पर रिसाव की सूचना मिल गई। किसी प्रकार की आग या विस्फोट की स्थिति नहीं बनी।”
क्षेत्रीय लोगों में दहशत
स्थानीय निवासी इस घटना से सहमे हुए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा प्रबंध बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।









