Search
Close this search box.

वाराणसी: बरेका में आई.आर.-डब्ल्यू.सी.एम.एस. पोर्टल का सफल क्रियान्वयन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में डिजिटल इंडिया मिशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देश और बरेका के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में आई.आर.-डब्ल्यू.सी.एम.एस. पोर्टल (IR-WCMS: Indian Railway Works Contract Management System) के सफल क्रियान्वयन हेतु क्रिस (CRIS) द्वारा प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।

यह पोर्टल भारतीय रेलवे का एक वेब-आधारित अनुप्रयोग है, जिसका उद्देश्य रेलवे के अनुबंध प्रबंधन को डिजिटल, पारदर्शी और कुशल बनाना है। इसके माध्यम से अनुबंध समझौते की तैयारी, स्वीकृति, बिलों की जाँच व भुगतान प्रक्रिया डिजिटल रूप में संचालित होती है। इससे पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता में वृद्धि होती है और मानवीय त्रुटियाँ एवं लागत में भी कमी आती है।

प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल के मार्गदर्शन में वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक एस.के. सिंह ने रेलवे बोर्ड और क्रिस से समन्वय स्थापित कर इस पोर्टल को बरेका उत्पादन इकाई में क्रियान्वित कराने का कार्य किया। रेलवे बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह पोर्टल 11 अगस्त 2025 से उत्पादन इकाई में औपचारिक रूप से लागू किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ आंकड़ा संसाधन प्रबंधक एस.के. सिंह, आंकड़ा संसाधन प्रबंधक सुरेंद्र कुमार, प्रशांत दुबे, वरिष्ठ अभियंता (आई.टी.) नईम अख्तर, मो. आज़म एवं प्रमोद कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सिविल विभाग एवं विद्युत विभाग के वरिष्ठ अभियंता भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें