Search
Close this search box.

मिर्जापुर: वर्दी का रौब दिखाकर दरोगा ने युवक की बीच बाजार में की पिटाई, सीसीटीवी फुटेज वायरल

मिर्जापुर: शहर कोतवाली क्षेत्र के वासलीगंज चौकी अंतर्गत मदरसे के पास एक युवक को सड़क किनारे खड़ा होना महंगा पड़ गया। आरोप है कि वर्दी की धौंस दिखाते हुए दरोगा जय प्रकाश शर्मा ने सिपाहियों के साथ मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक बाजार से ब्रेड लेकर अपने घर लौट रहा था। रास्ते में वह कुछ देर के लिए सड़क किनारे रुका था, तभी वासलीगंज चौकी पर तैनात दरोगा जय प्रकाश शर्मा मौके पर पहुंचे और बिना किसी ठोस वजह के युवक की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि दरोगा के साथ मौजूद सिपाहियों ने भी युवक के साथ मारपीट की।

इस घटना के बाद पीड़ित युवक ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई है। युवक का कहना है कि वह निर्दोष है और उसके साथ सिर्फ वर्दी के रौब में आकर ज्यादती की गई है।

गौरतलब है कि दरोगा जय प्रकाश शर्मा पहले भी अवैध वसूली के मामलों को लेकर विवादों में घिर चुके हैं। बावजूद इसके, उनके खिलाफ अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।

फिलहाल जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वायरल वीडियो और बढ़ते जनदबाव को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें