Search
Close this search box.

वाराणसी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री का वितरण, रोटरी क्लब व एलुमनाई एसोसिएशन का भी सहयोग

वाराणसी: गंगा नदी के जलस्तर में तीव्र वृद्धि के कारण वाराणसी के निचले क्षेत्रों नक्की घाट, कोनिया, शास्त्री ब्रिज, डोमरी आदि में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। जलभराव के कारण यातायात, बिजली, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ऐसे संकट की घड़ी में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 11वीं वाहिनी, वाराणसी ने उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में सक्रिय और सराहनीय राहत कार्यों की कमान संभाली है। टीमों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में दिन-रात राहत और बचाव कार्यों को गति दी है।

NDRF ने स्थानीय प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से तेज गति से राहत अभियान प्रारंभ किया है। इस अभियान के अंतर्गत बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्य पैकेट और जरूरी सामग्री वितरित की जा रही है।

इस मानवीय अभियान में रोटरी क्लब वाराणसी रॉयल्स और सेंट जॉन्स महरौली एलुमनाई एसोसिएशन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन वरुण मुद्रा एवं रोटेरियन पुष्प अग्रवाल ने न केवल राहत सामग्री उपलब्ध कराई, बल्कि स्वयं भी राहत वितरण कार्य में हिस्सा लिया। उनके इस प्रयास ने सेवा भाव का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया और समाज के प्रति उनकी संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व की भावना को उजागर किया।

उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने बताया, “NDRF का प्राथमिक उद्देश्य आपदा की स्थिति में प्रभावित नागरिकों को त्वरित राहत और सुरक्षा प्रदान करना है। हमारी टीमें सतर्क हैं और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आवश्यकता पड़ने पर हम अतिरिक्त संसाधनों की तैनाती के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं।”

Leave a Comment

और पढ़ें