Search
Close this search box.

लखनऊ में “अटल पेंशन योजना” पर राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित, उत्कृष्ट अधिकारी हुए सम्मानित

लखनऊ: राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (उत्तर प्रदेश) एवं भारतीय पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (PFRDA), नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में “अटल पेंशन योजना” के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों, अग्रणी जिला प्रबंधकों एवं बैंक मित्रों को सम्मानित करने हेतु एक वृहद आउटरिच कार्यक्रम और सम्मान समारोह का आयोजन होटल द ग्रैंड जेबीआर, लखनऊ में किया गया।

इस अवसर पर कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रवेश कुमार- मुख्य महाप्रबंधक पीएफआरडीए, महफूज निशात उप महाप्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा, डॉ. नंदिनी घोष महाप्रबंधक नाबार्ड, सुधा शुक्ला,संयुक्त मिशन निदेशक,यूपीएसआरएलएम, सुधीर सिंह उप हाप्रबंधक पीएफआरडीए, संस्थागत वित्त उत्तर प्रदेश शासन और विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

स्वागत संबोधन में महफूज निशात ने अटल पेंशन योजना को ग्रामीण और असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए 60 वर्ष की आयु के बाद सम्मानजनक जीवन यापन के लिए अत्यंत लाभकारी योजना बताया। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश ने इस योजना के कार्यान्वयन में देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्रदेश में 18 लाख से अधिक लोगों को इस योजना से जोड़ा गया, जबकि अब तक 1.29 करोड़ से अधिक नागरिक योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वित्तीय सेवाएं विभाग, भारत सरकार, वित्त मंत्रालय द्वारा 1 जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक आयोजित जनसुरक्षा संतृप्तीकरण अभियान के अंतर्गत इस योजना का प्रचार-प्रसार और विस्तार किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिक लाभान्वित हो सकें।

मुख्य महाप्रबंधक प्रवेश कुमार ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश में बैंकों द्वारा किए गए प्रशंसनीय प्रयासों की सराहना की। उन्होंने अटल पेंशन योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और इसे अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुँचाने पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान अग्रणी जिला प्रबंधकों और बैंक मित्रों के लिए ओपन हाउस चर्चा का भी आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और पीएफआरडीए के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें