Search
Close this search box.

वाराणसी में भीड़ प्रबंधन के लिए नगर निगम ने उठाया बड़ा कदम, पांच विश्वस्तरीय संस्थाएं करेंगी भीड़ प्रबंधन में तकनीकी सहयोग

वाराणसी: प्राचीन नगरी वाराणसी में लगातार बढ़ती भीड़, तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की भारी आमद को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम ने एक नई दिशा में ठोस पहल की है। टोयोटा मोबिलिटी फाउंडेशन (Toyota Mobility Foundation) की साझेदारी में भीड़ प्रबंधन के लिए पांच अग्रणी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं का चयन किया गया है, जो शहर में भीड़ नियंत्रण के लिए तकनीकी, डिज़ाइन और डेटा आधारित समाधान विकसित करेंगी।

इस पहल के तहत टोयोटा मोबिलिटी फाउंडेशन ने 3 मिलियन अमेरिकी डॉलर के ‘सस्टेनेबल सिटीज़ चैलेंज’ के अंतर्गत पांच फाइनलिस्ट संस्थाओं की घोषणा की है। यह चयन नगर निगम वाराणसी, चैलेंज वर्क्स, और वर्ल्ड रिसोर्सेस इंस्टीट्यूट के सहयोग से किया गया है।

चयनित संस्थाएं और उनके समाधान

  1. आर्केडिस (Arcadis):
    विश्व की अग्रणी इंजीनियरिंग एवं परामर्श संस्था, जो इंटेलिजेंस-बेस्ड सतत डिज़ाइन और मोबिलिटी सॉल्यूशंस प्रदान करती है।
  2. सिटीडेटा इंक (Citydata.ai):
    बिग डेटा और एआई पर आधारित यह कंपनी ‘सिटी फ्लो’ नामक समाधान लेकर आई है, जो स्मार्ट और सुरक्षित शहरी वातावरण को बढ़ावा देती है।
  3. वोजिक एआई (Vozec AI):
    भारत का पहला एआई-आधारित हाइपर-लोकल पैदल यात्री मार्गदर्शन प्लेटफॉर्म। यह भीड़ के व्यवहार को ट्रैक कर वैकल्पिक सुरक्षित रास्तों की जानकारी देगा और रियल टाइम क्राउड इंटेलिजेंस प्रदान करेगा।
  4. प्रमेया कंसल्टिंग प्रा. लि.:
    नगरीय योजना और रणनीतिक विकास में विशेषज्ञ यह संस्था ‘नई चाल’ नामक फिजिटल (भौतिक+डिजिटल) एआई समाधान लेकर आई है, जिसमें चैटबॉट, नेविगेशन ऐप और मोबिलिटी डैशबोर्ड शामिल हैं।
  5. द अर्बनाइज़र (The Urbanizer):
    नगरीय डिज़ाइन और आर्किटेक्चर की अग्रणी भारतीय कंपनी। यह स्थानीय जानकारी, कलर-कोडिंग संकेतक और टैक्टिकल अर्बनिज़्म रणनीतियों के माध्यम से मार्गदर्शन और सुरक्षा को बेहतर बनाएगी।

प्रत्येक संस्था को मिलेगा क्रियान्वयन अनुदान

इन पांचों संस्थाओं को $1,30,000 (अमेरिकी डॉलर) का क्रियान्वयन अनुदान दिया जाएगा, जिससे वे अपने प्रस्तावित समाधान को वाराणसी में पायलट रूप में लागू कर सकेंगी।

नगर आयुक्त और टीएमएफ की प्रतिक्रिया

नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कहा “सस्टेनेबल सिटीज़ चैलेंज के माध्यम से वाराणसी यह साबित कर रहा है कि एक ऐतिहासिक शहर अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए इनोवेशन को कैसे अपनाता है। इन संस्थाओं के माध्यम से भीड़ प्रबंधन में क्रांतिकारी सुधार होगा।”

टोयोटा मोबिलिटी फाउंडेशन के एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम डायरेक्टर प्रस गणेश ने कहा “यह यात्रा प्रेरणादायक है। चयनित संस्थाएं वाराणसी जैसे ऐतिहासिक और घने शहर में सुरक्षित, सुगम और समावेशी आवागमन के लिए प्रभावी समाधान प्रस्तुत करेंगी।”

भीड़ प्रबंधन के मानदंड

संस्थाओं का चयन भीड़ नियंत्रण की क्षमता, प्रभावशीलता, डेटा-सपोर्ट, स्केलेबिलिटी और टीम की क्षमता जैसे मानकों के आधार पर किया गया। निर्णायकों ने विशेष रूप से ऐसे समाधानों की तलाश की जो संकरी गलियों में आवाजाही को बेहतर बनाएं, भीड़ के व्यवहार को समझें और लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करें।

Leave a Comment

और पढ़ें