Search
Close this search box.

बलिया: सिकंदरपुर में 43 हजार किसान अब भी रजिस्ट्रेशन से वंचित, एसडीएम ने कर्मचारियों को दी कड़ी चेतावनी

बलिया: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों का फार्मर रजिस्ट्रेशन अभियान सिकंदरपुर तहसील में सुस्त रफ्तार से चल रहा है। 16 अक्टूबर से शुरू हुए विशेष अभियान के बावजूद अब तक 43,431 किसान रजिस्ट्रेशन से वंचित हैं, जिससे प्रशासनिक हलकों में चिंता का माहौल है।

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र में कुल 76,956 किसान इस योजना के पात्र हैं। इनमें से अब तक मात्र 33,525 किसानों का ही पंजीकरण हो पाया है। अभियान के दौरान सिर्फ 1,246 नए किसानों का रजिस्ट्रेशन हो सका, जिससे कुल प्रतिशत महज 44 फीसदी पर ठहर गया है। कई गांवों में पंजीकरण का आंकड़ा बेहद कम या शून्य है।

इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी सुनील कुमार ने संबंधित कर्मचारियों पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लेखपालों, पंचायत सहायकों, ग्राम प्रधानों और जनसेवा केंद्र संचालकों को चेतावनी दी है कि वे प्रतिदिन कम से कम 25 किसानों का रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें।

एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जिन गांवों में पंजीकरण शून्य या एक अंक में रहेगा, वहां के जिम्मेदार कर्मियों का वेतन या भत्ता रोक दिया जाएगा और आवश्यक होने पर निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।”

उन्होंने आगे बताया कि तहसील स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कैंप लगाकर लाइव फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट भेजें, ताकि अभियान की वास्तविक प्रगति सुनिश्चित की जा सके।

एसडीएम सुनील कुमार ने कहा कि यह अभियान किसानों के हित से जुड़ा है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ब्यूरोचीफ – अवधेश यादव

Leave a Comment

और पढ़ें