गाजीपुर: मरदह बाजार से ब्लॉक मुख्यालय होते हुए गोविंदपुर कीरत सहित दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग पिछले छह महीनों से बंद पड़ा है। कारण है, पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा गोधनी नाले पर क्षतिग्रस्त पुलिया को तोड़कर नया निर्माण कार्य अधूरा छोड़ देना।

इस मार्ग के अवरुद्ध होने से हजारों ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क गोविंदपुर, बरही, कछुहरा, देवापुर, बरेन्दा, हालपुर, वदलिया, हरहरी, उच्चौर, नसीरूद्दीनपुर, बीरबलपुर, बिहरा, रानीपुर, फत्तेपुर, रूहीपुर, जरगो, पलिया सहित कई गांवों को सीधे ब्लॉक मुख्यालय और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जोड़ती है।
मार्ग बंद होने से ग्रामीणों को अब लंबा रास्ता तय करके विकासखंड कार्यालय, बाल विकास पुष्टाहार कार्यालय, उप कृषि केंद्र, पशु चिकित्सालय और शिक्षण संस्थानों तक पहुंचना पड़ रहा है। बरसात में स्थिति और खराब हो गई है—तीन फीट गहरे पानी में से होकर लोगों को आना-जाना पड़ रहा है।
छात्र-छात्राओं की शिक्षा पर पड़ा असर
इस मार्ग से रोजाना करीब 100 छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेज जाती हैं, लेकिन रास्ते की बदहाली के चलते कई छात्राओं ने डर के कारण पढ़ाई छोड़ दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात से पहले पुराने पुल को तोड़ना गलत फैसला था। अब अधूरे निर्माण और विभागीय लापरवाही से कई गांवों की जनजीवन ठप हो गया है।
क्षेत्रवासियों अजयपाल सिंह, अशोक मिश्र, मुन्ना मिश्र, प्रभाकर पांडेय, प्रवीण पांडेय आदि ने विभागीय अधिकारियों, सांसदों और विधायकों की उदासीनता पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस संबंध में जेई आफताब आलम ने बताया कि “बरसात के कारण निर्माण कार्य अस्थायी रूप से रुका हुआ है। जैसे ही मौसम अनुकूल होगा, पुलिया का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा।”
रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार









