बलिया: जिले के एकमात्र जीवित स्वतंत्रता सेनानी और वरिष्ठ लोकतंत्र सेनानी रामविचार पांडे का निधन हो गया। उनके निधन से पूरे जिले में शोक की लहर फैल गई है। लोगों ने इसे बलिया के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
निधन की सूचना मिलते ही नगरा सहित आसपास के क्षेत्रों में गम का माहौल व्याप्त हो गया। गुरुवार को नगरा कार्यालय परिसर में एक शोकसभा आयोजित की गई, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने स्वर्गीय रामविचार पांडे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शोकसभा में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर स्वतंत्रता सेनानी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान जिलाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, डॉ. सुरेश तिवारी, कमला शर्मा, शिव प्रकाश पांडे सहित कई लोकतंत्र सेनानी और समाजसेवी मौजूद रहे।
सभी वक्ताओं ने रामविचार पांडे के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके त्याग, देशप्रेम और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। शोकसभा की अध्यक्षता कमला शर्मा ने की, जबकि संचालन डॉ. सुरेश तिवारी द्वारा किया गया।
रिपोर्टर – जयशंकर सिंह









