गाजीपुर: क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुवारी स्थित सामुदायिक भवन परिसर में बुधवार को हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गाजीपुर के जिला संघचालक जयप्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्ष की गौरवशाली यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए संगठन के उद्देश्यों, कार्यपद्धति और समाज के प्रति उसकी भूमिका को रेखांकित किया।

जयप्रकाश ने कहा कि संघ ने अपने स्थापना काल से ही राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने क्षेत्र में ईसाई मिशनरियों द्वारा कराए जा रहे धर्मांतरण के प्रयासों पर चिंता जताते हुए समाज को सजग, जागरूक और संगठित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित कथावाचक प्रदुम्न दास महाराज ने सामाजिक समरसता, एकता और सनातन मूल्यों की रक्षा पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती आपसी भाईचारे, सद्भाव और एक-दूसरे के सहयोग से ही संभव है। सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही राष्ट्र और समाज के हित में है।
सम्मेलन में विभाग प्रचार प्रमुख जितेंद्र, खंड कार्यवाह विनोद, मंडल कार्यवाह अवनीश, पप्पू सिंह, अभिषेक सिंह, हिमांशु, सत्यप्रकाश, प्रभु राम, केरा राजभर, श्यामनारायण सिंह, सुरजीत एवं अनिल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दीपक लाल श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन अवनीश प्रताप सिंह ने किया।
सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने हिंदू समाज को संगठित रखने, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।
— तहसील प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार की रिपोर्ट / ब्यूरो चीफ संजय यादव









