Search
Close this search box.

वाराणसी: नववर्ष ड्यूटी में तैनात दारोगा से मारपीट, भाजपा पार्षद का बेटा गिरफ्तार

वाराणसी। नववर्ष के मौके पर कानून व्यवस्था संभाल रही पुलिस टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। चौक थाना क्षेत्र के मणिकर्णिका द्वार के पास ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिपाठी के साथ हाथापाई की गई। इस मामले में पुलिस ने भाजपा पार्षद वृजेश श्रीवास्तव के बेटे हिमांशु श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना चौक थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।

भीड़ नियंत्रण को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, नववर्ष के अवसर पर यातायात डायवर्जन लागू था। इसी क्रम में उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिपाठी की ड्यूटी मणिकर्णिका गली स्थित सत्य बाबा आश्रम मार्ग पर लगी थी। इसी दौरान घाट की ओर से बाइक से आए तीन युवक जबरन आगे बढ़ने लगे।

पुलिसकर्मी द्वारा रोकने और भीड़ अधिक होने के कारण कुछ देर रुकने को कहने पर एक युवक उग्र हो गया और उसने दारोगा को थप्पड़ मार दिया।

भीड़ ने पकड़ा, पुलिस ने बचाया

घटना होते ही मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर युवक को भीड़ से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया। इस दौरान आरोपी के दो साथी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक किसी दाह संस्कार में शामिल होने मणिकर्णिका घाट आए थे।

पुलिस का बयान

डीसीपी काशी जोन गौरव वंशवाल ने बताया कि उपनिरीक्षक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घटना के बाद मौके पर सत्तापक्ष से जुड़े कुछ लोग पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने किसी दबाव में आए बिना निष्पक्ष कार्रवाई की है।

Leave a Comment

और पढ़ें