वाराणसी। वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन के सातवें दिन साइक्लिंग दल ने सासाराम से वाराणसी तक का सफर सफलतापूर्वक पूरा किया। यह चरण पूरे अभियान का सबसे लंबा और चुनौतीपूर्ण रहा। प्रस्थान से पूर्व दल ने 16वीं शताब्दी की ऐतिहासिक धरोहर शेरशाह सूरी के मकबरे का भ्रमण कर इतिहास को नमन किया।

उत्तर प्रदेश में प्रवेश के दौरान साइक्लोथॉन दल का भव्य स्वागत यूपी–बिहार सीमा पर 91 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) में प्रशिक्षणरत एनसीसी कैडेट्स ने किया। कर्नल अमर सिंह, कमांडिंग ऑफिसर, 91 यूपी बटालियन एनसीसी के नेतृत्व में कैडेट्स ने साइक्लिंग करते हुए दल को वाराणसी तक एस्कॉर्ट किया।

साइक्लोथॉन दल को स्वामी हरसेवनंद पब्लिक स्कूल, बेनपुरवा, रमना (वाराणसी) में एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, वाराणसी ‘ए’ ग्रुप के डिप्टी कमांडर द्वारा फ्लैग इन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, विद्यालय प्रशासन के वरिष्ठ सदस्य, 91 यूपी बटालियन एनसीसी के अधिकारी व स्टाफ तथा CATC में प्रशिक्षणरत एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

स्वागत समारोह के दौरान एक संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मेजबान कैडेट्स ने स्वागत प्रस्तुति दी। इसके बाद साइक्लोथॉन दल ने झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हुई प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया। इस अवसर पर स्मृति चिन्हों का भी आदान-प्रदान किया गया।
वाराणसी में रात्रि विश्राम के उपरांत साइक्लोथॉन दल प्रातःकाल अस्सी घाट पर गंगा आरती का साक्षी बनेगा। इसके बाद साइक्लोथॉन अभियान के आठवें दिन दल मिर्ज़ापुर की ओर प्रस्थान करेगा।
ब्यूरो – चन्दौली
संजय शर्मा









