बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा का एक और गंभीर मामला सामने आया है। जशोर जिले के मनीरामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दिनदहाड़े बदमाशों ने एक हिंदू पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना बीते एक महीने में सामने आई पांचवीं ऐसी घटना बताई जा रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतक की पहचान राणा प्रताप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार यह सनसनीखेज वारदात सोमवार शाम करीब 6 बजे कोपलिया बाजार इलाके में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने राणा प्रताप को पहले फैक्ट्री से बाहर निकाला, फिर गली के मुहाने पर ले जाकर बेहद करीब से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मनीरामपुर की ओर सड़क मार्ग से फरार हो गए। बीच बाजार हुई इस हत्या से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हो सकी है।









