हरदोई। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह के संडीला आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य एकता सिंह भी उनके साथ मौजूद रहीं। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा दोनों अतिथियों का माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. बबिता सिंह अपने जनपद भ्रमण के दौरान कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेंगी। महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा एवं महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों को लेकर समीक्षा बैठक का भी प्रस्ताव रखा गया है, जिसमें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
अपने कार्यक्रम के तहत राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष जिला चिकित्सालय भी जाएंगी, जहां वह गोद भराई, अन्नप्राशन एवं कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता करेंगी। इस दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, महिला कल्याण योजनाओं तथा सरकारी सुविधाओं की स्थिति की भी जानकारी लेंगी।
डॉ. बबिता सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है। आयोग का उद्देश्य है कि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिले और समाज में महिलाओं को सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण प्राप्त हो।
इस मौके पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।










