वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र के छितौनी–सरहरी मार्ग पर मंगलवार शाम करीब सात बजे बाइक सवार और एक ऑटो चालक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़ा रहा। मौके पर मौजूद कई राहगीर वीडियो और फोटो बनाते रहे, लेकिन कोई भी घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे नहीं आया।
इसी दौरान भावी जिला पंचायत प्रत्याशी जगदीश कुमार पटेल अपने साथियों जर्मन पटेल, अजय पटेल, अरविंद तथा देववाणी इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक उमेश कुमार सिंह के साथ वहां पहुंचे। सभी ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को अपनी गाड़ी में बैठाकर तत्काल जाह्नवी हेल्थ केयर, लोहता में भर्ती कराया।
डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है। जगदीश कुमार पटेल ने घटना की सूचना लोहता थाने और घायल के परिजनों को भी दे दी है। घायल युवक की पहचान मुगलसराय निवासी सुगम चौहान के रूप में हुई है।









