मीरजापुर। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकास भवन गेट के सामने गोल चौराहा बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही प्रयागराज–पंडित दीन दयाल उपाध्याय के मध्य तीसरी रेल लाइन तथा चुनार–चोपन रेलवे दोहरीकरण परियोजना में तेजी लाने के लिए मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं।

विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त राजेश प्रकाश की अध्यक्षता में जनपद मीरजापुर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंडित दीन दयाल उपाध्याय–प्रयागराज के मध्य तीसरी रेल लाइन, चुनार–चोपन रेलवे दोहरीकरण परियोजना और राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण से जुड़ी गतिमान एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी मीरजापुर पवन कुमार गंगवार, मंडल रेल प्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज, उप मुख्य अभियंता (निर्माण खंड-1 एवं निर्माण योजना), स्टेशन अधीक्षक मीरजापुर, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी गोवा लाल, परियोजना निदेशक एनएच-135ए एवं एनएच-7 धौरूपुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अशोक कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मंडलायुक्त ने परियोजनाओं में आ रही बाधाओं, भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण एवं अवसंरचना से जुड़े मुद्दों पर बिंदुवार चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का गंभीरता से समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जाए, ताकि कार्यों में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि अधिग्रहित भूमि पर यदि कहीं कब्जा या अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है, तो एक सप्ताह के भीतर पैमाइश कराकर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक के बाद मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी एवं रेलवे अधिकारियों के साथ विकास भवन और रेलवे माल गोदाम के मध्य क्षेत्र का निरीक्षण भी किया तथा सड़क सुरक्षा और यातायात सुधार के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।









