चंदौली/डीडीयू नगर। एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल द्वारा नगर के होटल स्प्रिंग स्काई में चंदौली जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों के चिकित्सकों के लिए “एडवांसेज इन हेल्थ केयर” विषय पर एक सेमीनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भदोही सांसद डॉ विनोद बिंद एवं मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वाई.के. राय तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा अधिकारी डॉ अरविंद कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। सेमीनार में एपेक्स के निदेशक एवं सुप्रसिद्ध हड्डी, जोड़ एवं स्पाइन सर्जन डॉ स्वरूप पटेल ने मिनिमली इनवेसिव स्पाइन सर्जरी पर विस्तार से प्रकाश डाला। क्लीनिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ अंकिता पटेल ने कैंसर उपचार की नवीनतम तकनीकों जैसे इम्यूनोथेरेपी, हार्मोनल थेरेपी, लैप्रोस्कोपिक सर्जरी एवं सटीक रेडियोथेरेपी के बारे में जानकारी दी।
इसके अलावा विभिन्न विशेषज्ञों ने गुर्दे एवं प्रोस्टेट की आधुनिक लेजर सर्जरी, पीलिया (जॉन्डिस) प्रबंधन, आधुनिक एंडोस्कोपिक अल्ट्रासाउंड तकनीक, हृदय स्वास्थ्य एवं ईसीजी की उपयोगिता जैसे विषयों पर चिकित्सकों को अवगत कराया। इंटरैक्टिव सत्र के दौरान उपस्थित डॉक्टरों ने अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
डॉ अंकिता पटेल ने कैंसर से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि तंबाकू, धूम्रपान एवं शराब से परहेज, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वस्थ वजन, धूप से बचाव और समय-समय पर हेल्थ चेकअप व स्क्रीनिंग (जैसे पैप स्मीयर, मैमोग्राफी) अत्यंत आवश्यक है। साथ ही आवश्यक टीकाकरण, विशेषकर एचपीवी वैक्सीन, को भी महत्वपूर्ण बताया।
सेमिनार का संचालन नीमा प्रदेश प्रवक्ता डॉ ओ.पी. सिंह ने किया। कार्यक्रम में डॉ प्रदीप गुप्ता, डॉ गोपाल सिंह, डॉ मृत्यंजय, डॉ राजेश श्रीवास्तव, डॉ वाई.बी. सिंह, डॉ कुलदीप, डॉ मनोज सिंह, डॉ ए.के. सिंह, डॉ पल्लव, डॉ आर.डी. तिवारी, डॉ जे. खान, डॉ भारत जायसवाल, डॉ विकास सिंह, डॉ तनु सिंह, डॉ श्वेता पांडेय, डॉ के.पी. सिंह, डॉ हुजैफा, डॉ सी.बी. सिंह, डॉ सत्यपाल यादव, डॉ ओम यति, डॉ गिरजा प्रसाद, डॉ रमेश उपाध्याय सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।
संजय शर्मा
ब्यूरो चन्दौली









