Search
Close this search box.

आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा अभ्यर्थियों के लिए वाराणसी-गोरखपुर के बीच चलेगी विशेष अनारक्षित ट्रेन

वाराणसी । 12 जून 2026 रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) एनटीपीसी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने वाराणसी सिटी और गोरखपुर के बीच विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष गाड़ी 13 जून से 21 जून 2026 तक संचालित की जाएगी, जिससे परीक्षा देने आने-जाने वाले अभ्यर्थियों को काफी राहत मिलेगी।

05149 वाराणसी सिटी-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी प्रतिदिन शाम 7:30 बजे वाराणसी सिटी से रवाना होगी और सारनाथ, औड़िहार, सादात, जखनियां, डुल्लहपुर, मऊ, बेल्थरा रोड, लार रोड, सलेमपुर, भटनी, देवरिया सदर, गौरीबाजार तथा चौरी-चौरा होते हुए रात्रि 2:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

वापसी दिशा में 05150 गोरखपुर-वाराणसी सिटी अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी 14 जून से 21 जून तक प्रतिदिन प्रातः 3:15 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी और निर्धारित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए सुबह 9:15 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।

रेल प्रशासन के अनुसार इस विशेष ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी (जीएस/जीएससीएन) के 15 तथा एसएलआर के 2 कोच सहित कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे। यात्रियों की संख्या को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त अनारक्षित कोच भी लगाए जा सकते हैं तथा परिचालनिक जरूरतों के अनुसार ट्रेन का समय पुनर्निर्धारित किया जा सकता है।

रेलवे ने बताया कि इस विशेष गाड़ी की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, स्टेशन सूचना पट्टों और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इससे परीक्षा अभ्यर्थियों को समय पर यात्रा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

Leave a Comment

और पढ़ें