वाराणसी । पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई पहल करते हुए बेल्थरा रोड स्टेशन से सम्बद्ध गोविन्दपुर दुगौली हाल्ट पर पहली बार मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग प्रणाली (एम-यूटीएस) के माध्यम से टिकट जारी करने की शुरुआत की है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह व्यवस्था लागू की गई।
नई व्यवस्था के तहत हाल्ट एजेंट प्लेटफॉर्म पर ही यात्रियों के पास जाकर एम-यूटीएस के माध्यम से अनारक्षित टिकट उपलब्ध करा रहे हैं। इससे यात्रियों को टिकट काउंटर पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है और उन्हें त्वरित व सुविधाजनक टिकटिंग सेवा मिल रही है। साथ ही बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में भी यह प्रणाली सहायक होगी।

विशेष बात यह है कि भारतीय रेल के उत्तर भारत के चार जोनों—पूर्वोत्तर रेलवे, उत्तर रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर पश्चिम रेलवे—में यह सुविधा पहली बार गोविन्दपुर दुगौली हाल्ट पर शुरू की गई है। सावन के दौरान बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए शुरू की गई इस पहल से छोटे हाल्ट स्टेशनों पर भी आधुनिक डिजिटल टिकटिंग सुविधा उपलब्ध होगी। वाराणसी मंडल ने भविष्य में भी यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और तकनीक आधारित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे नवाचार जारी रखने की बात कही।




