Search
Close this search box.

महिला फुटबॉल लीग का शानदार आगाज़, पहला मुकाबला 1-1 से ड्रॉ

वाराणसी। जनपद के बरेका स्थित बालिका इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स ग्राउंड में रविवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भैरव दत्त के तत्वावधान में महिला फुटबॉल लीग का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। ‘खेलें बेटियां, बढ़ेगा देश का मान’ थीम पर आयोजित उद्घाटन मुकाबला फुटबॉल नर्सरी और कुमाऊँ हीरोज के बीच खेला गया, जो रोमांचक संघर्ष के बाद 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

पहले हाफ में चांदनी के पास पर वीरा ने गोल कर कुमाऊँ हीरोज को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में फुटबॉल नर्सरी की पार्वती के सटीक पास पर अंजली यादव ने शानदार गोल दागकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने जीत के लिए भरपूर प्रयास किए, लेकिन मजबूत रक्षा पंक्ति और गोलकीपरों के शानदार प्रदर्शन के चलते कोई निर्णायक गोल नहीं हो सका।

पूरे मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए फुटबॉल नर्सरी की अंजली यादव को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन बरेका के प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल पर किक लगाकर किया।

इस अवसर पर प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य सुभाष चंद्र यादव, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजक भैरव दत्त ने बताया कि लीग का उद्देश्य बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर देना और महिला फुटबॉल को नई पहचान दिलाना है। प्रतियोगिता का अगला मुकाबला 3 अगस्त को कंचनपुर जूनियर और भूल्लनपुर के बीच खेला जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें