बलिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान” का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ किया। इस अवसर पर देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लाखों युवाओं ने उनका संदेश सुना और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

जनपद बलिया में मेरा युवा भारत (MY Bharat) के समन्वय से मुख्य कार्यक्रम नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, माल्देपुर में आयोजित हुआ। यहां प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें 200 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।

इसके अलावा जिले के विभिन्न विकास खंडों में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों, युवा मंडलों, स्वयंसेवी संस्थाओं और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें हजारों युवाओं ने सहभागिता की।कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् से हुई तथा सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और राष्ट्र की प्रगति में बाधक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नशाग्रस्त लोगों के पुनर्वास और उपचार में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से चलाया जाएगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेंद्र त्रिपाठी और जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में शरद यादव, शलभ उपाध्याय, नवीन कुमार सिंह, शुभम मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टिंग बलिया संजय सिंह।



