बलिया । जनपद के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरा थाना पुलिस ने दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, एक अगस्त 2026 को पीड़िता के परिजनों ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी नाबालिग पुत्री को ग्राम डिहवा निवासी शब्बीर पुत्र अकबर अहमद 18 जून 2026 को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया था। मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना के दौरान भारतीय न्याय संहिता की धारा 87, 137(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एल)/6 के तहत आरोपी की तलाश की जा रही थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नरही नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी शब्बीर (22 वर्ष) निवासी डिहवा, थाना नगरा, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान उच्च न्यायालय, मानवाधिकार आयोग तथा बीएनएसएस की धारा 105 के तहत निर्धारित सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार सिंह एवं कांस्टेबल शैलेन्द्र प्रजापति शामिल रहे।
ब्यूरो बलिया अवधेश यादव।





