Search
Close this search box.

वाराणसी में दुर्लभ कछुओं की तस्करी नाकाम, जीआरपी-आरपीएफ ने 12 कछुओं के साथ तस्कर को दबोचा

वाराणसी । जनपद के शिवपुर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी कैंट और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्लभ प्रजाति के 12 कछुओं के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये कछुए अमेठी से पश्चिम बंगाल तस्करी के लिए ले जाए जा रहे थे। बरामद कछुओं की अनुमानित बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इनमें कुछ कछुओं की आयु लगभग 300 वर्ष तक होने का अनुमान है, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।

पुलिस के मुताबिक तस्कर कुंभ एक्सप्रेस से वाराणसी पहुंचा था और शिवपुर रेलवे स्टेशन पर उतरते ही उसे दबोच लिया गया। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि दुर्लभ प्रजाति के इन कछुओं का उपयोग कथित रूप से शक्तिवर्धक दवाओं, तंत्र-मंत्र तथा मांसाहार के लिए अवैध रूप से किया जाता है, जिसके चलते इनकी तस्करी की जाती है।

जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक रजोला नागर ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद कछुओं को सुरक्षित संरक्षण में सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तस्करों और तस्करी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें