Search
Close this search box.

ककरमत्ता की ऐतिहासिक पोखरी बनेगी पर्यटन केंद्र, महापौर ने किया पुनरुद्धार कार्य का निरीक्षण

वाराणसी। बीएलडब्ल्यू रोड स्थित ककरमत्ता की ऐतिहासिक पोखरी को नगर निगम पर्यटन केंद्र और आकर्षक पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करेगा। करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की डेढ़ बीघा सरकारी भूमि को 38 वर्ष पुराने विवाद के निस्तारण के बाद अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है।

अब पोखरी का सौंदर्यीकरण करते हुए रंग-बिरंगी लाइटें, फव्वारे और हरित विकास किया जाएगा, जिससे यह स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। साथ ही भू-गर्भ जलस्तर में सुधार और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सोमवार को स्थल का निरीक्षण कर पुनरुद्धार कार्य की प्रगति का जायजा लिया। पोखरी को उसके मूल स्वरूप में लाने के लिए 3 जेसीबी, 3 पोकलैंड, 46 डंपर और हाइवा की मदद से सफाई व गहरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।

महापौर ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काशी की सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगर निगम का अभियान लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें