बलिया । आगामी 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि योग दिवस का आयोजन जिले की सभी ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, तहसीलों, विद्यालयों तथा नगरीय निकायों में व्यापक स्तर पर किया जाए।

जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावक, शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक भी सहभागिता करें। वहीं जिला विद्यालय निरीक्षक को माध्यमिक विद्यालयों में भी इसी प्रकार के आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आयुर्वेदिक अधिकारी को ग्राम पंचायतों में व्यापक प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता अभियान तथा होर्डिंग्स लगाने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक लोग योग दिवस से जुड़ सकें।
उन्होंने बताया कि योग दिवस का आयोजन 21 जून को प्रातः 6:30 बजे से 8:00 बजे तक किया जाएगा। जिले का मुख्य एवं भव्य कार्यक्रम पुलिस लाइन परिसर में आयोजित होगा, जिसमें सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की चेतावनी देते हुए तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









