गाजीपुर । पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने शनिवार को थाना बिरनो परिसर में प्रस्तावित प्रशासनिक एवं आवासीय भवन के निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस कार्यक्रम में नए भवन के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुदृढ़ निर्माण की कामना की गई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भवन निर्माण का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराना तथा आम नागरिकों के लिए जनसुनवाई की आधुनिक और सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि थाना बिरनो में बनने वाला नया भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि थाने में अपनी शिकायत या फरियाद लेकर आने वाले नागरिकों, विशेषकर महिलाओं के लिए बैठने और सुनवाई की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। इससे पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और जनता को अधिक सुगम वातावरण प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नए भवन के निर्माण को थाना बिरनो के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। यह परियोजना पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी और जनोन्मुख बनाने में सहायक सिद्ध होगी।
उमेश यादव रिपोर्टिंग गाजीपुर।









