बलिया। जनपद में साइबर अपराध की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एवं व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन सभागार में दिनांक 28.02.2026 को एक विशेष बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने की। बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि, प्रमुख व्यापारी और उद्यमी उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में साइबर सुरक्षा बढ़ाना, ऑनलाइन ठगी से बचाव सुनिश्चित करना तथा व्यापारियों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक करना था।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित व्यापारियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी, जैसे कि फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक के माध्यम से बैंक डिटेल्स प्राप्त करना, क्यूआर कोड धोखाधड़ी और सोशल मीडिया हैकिंग। उन्होंने सभी व्यापारियों से कहा कि किसी भी अनजान कॉल या लिंक पर तुरंत प्रतिक्रिया न दें और अपने बैंक और व्यक्तिगत डेटा की गोपनीयता सुनिश्चित करें।

साथ ही महोदय ने सभी व्यापारियों को निर्देशित किया कि अपने दुकानों और गोदामों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से स्थापित करें और उनकी नियमित मॉनिटरिंग करें। संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत पुलिस को सूचित करने का आग्रह भी किया गया। बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा संबंधी समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर, क्षेत्राधिकारी नगर मो0 उस्मान तथा साइबर थाना प्रभारी नदीम अहमद फरीदी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा के लिए हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी और साइबर अपराध रोकथाम हेतु निरंतर अभियान चलाया जाएगा।
संजय सिंह रिपोर्टर बलिया








