Search
Close this search box.

आधुनिक सुविधाओं से लैस नव निर्मित कलेक्ट्रेट सभागार का जिलाधिकारी ने किया लोकार्पण

बलिया । जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को नव निर्मित कलेक्ट्रेट सभागार भवन का फीता काटकर विधिवत लोकार्पण किया। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस सभागार में सीसीटीवी कैमरे, चार एलईडी स्क्रीन तथा वातानुकूलन (एसी) की व्यवस्था की गई है, जिससे प्रशासनिक कार्यों के संचालन और बैठकों के आयोजन में अधिक सुविधा मिलेगी।

लोकार्पण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि नए सभागार भवन के निर्माण से प्रशासनिक बैठकों, समीक्षा कार्यक्रमों, विकास योजनाओं की समीक्षा तथा विभिन्न सरकारी आयोजनों के संचालन में बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी संसाधनों से युक्त यह भवन प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

जिलाधिकारी ने सभागार का निरीक्षण कर वहां स्थापित व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को भवन के समुचित उपयोग एवं नियमित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संसाधनों का संरक्षण और उनका बेहतर उपयोग प्रशासन की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, जिला विकास अधिकारी आनंद प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नए सभागार भवन के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रशासनिक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें