बलिया । आगामी 26 जून को आयोजित होने वाले मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ताजिया की ऊंचाई पूर्व वर्षों की अपेक्षा नियंत्रित रखी जाए तथा जहां-जहां ताजिया का निर्माण हो रहा है, वहां पूर्व निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आयोजकों से जुलूस संबंधी लिखित अनुमति एवं आवश्यक विवरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि ताजिया जुलूस में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन या उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

बैठक में विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर लटके एवं जर्जर तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। नगर पालिका को भी जुलूस मार्गों की मरम्मत एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएंगी।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।












