वाराणसी । में राजघाट पुल के मरम्मत कार्य को लेकर रविवार रात से लागू होने वाली प्रस्तावित यातायात बंदी को फिलहाल दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से जारी नवीन निर्देशों के अनुसार अब पुल पर आवागमन प्रतिबंध और रूट डायवर्जन की व्यवस्था अगले आदेश तक लागू नहीं होगी।

पूर्व निर्धारित योजना के तहत रविवार रात 10 बजे से प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे तक राजघाट पुल पर यातायात बंद किया जाना था। यह व्यवस्था लगभग दो माह तक लागू रहने वाली थी ताकि पुल के मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से पूरा किया जा सके। इसके लिए पड़ाव से आदमपुर की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए थे।
हालांकि प्रशासन ने फिलहाल इस निर्णय को दो दिनों के लिए टाल दिया है। अधिकारियों का कहना है कि संशोधित कार्यक्रम और नई यातायात व्यवस्था की सूचना अलग से जारी की जाएगी। इसके बाद ही पुल पर किसी प्रकार का प्रतिबंध प्रभावी होगा।
प्रशासन ने नागरिकों, वाहन चालकों और यात्रियों से अपील की है कि वे राजघाट पुल से संबंधित नवीनतम आदेशों और यातायात व्यवस्था की जानकारी पर नजर बनाए रखें तथा आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।










