मिर्जापुर। होलिका दहन, होली एवं पवित्र रमजान माह सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में नगर क्षेत्र के संवेदनशील, मिश्रित आबादी एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस एवं पीएसी बल के साथ व्यापक भ्रमण एवं पैदल गश्त की गई। गश्त की शुरुआत रमईपट्टी तिराहा से होकर तरकापुर, वासलीगंज, खजानची चौराहा, गिरधर चौराहा होते हुए पुलिस चौकी बेलतर तक की गई।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, महिला थाना प्रभारी, कोतवाली शहर व कटरा थानाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं रिक्रूट आरक्षी मौजूद रहे। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में अधिकारियों द्वारा पर्याप्त पुलिस बल, पीआरवी डायल-112 के साथ फ्लैग मार्च कर आमजन, व्यापारियों एवं सर्राफा व्यवसायियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।होली को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु जनपद को 5 जोन व 18 सेक्टर में विभाजित कर 9 क्यूआरटी, 99 क्लस्टर मोबाइल तथा 1 कंपनी पीएसी सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
लगभग 2500 स्थानों पर स्थापित होलिकाओं को ध्यान में रखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल व महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सोशल मीडिया की सतत निगरानी, सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से पर्यवेक्षण तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर ब्रेथ एनालाइजर से कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित, संयमित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की।













