सोनभद्र। जनपद के करारी स्थित शहीद स्थल पर बुधवार शाम शहीद स्थल करारी ट्रस्ट द्वारा “सोनभद्र सृजन दिवस एवं होली मिलन समारोह” के अवसर पर संगोष्ठी और कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण और वाणी वंदना के साथ हुआ।
अधिवक्ता प्रदुम्न त्रिपाठी ने जनपद सृजन दिवस की बधाई देते हुए “सर्वे भवन्तु सुखिनः” पर आधारित अपनी रचना सुनाई तथा होली गीत “रंग बरसै गुलाल” से वातावरण को उत्सवी बना दिया। कार्यक्रम का संचालन अशोक तिवारी ने किया और अपनी होली पर आधारित रचना “तन मन मगन रहे होली में” सुनाकर श्रोताओं की सराहना प्राप्त की।
कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान ने “होली के रंग में नहाने चली हूँ, रूठे दिलों को मनाने चली हूँ” सुनाकर सभी को भावविभोर कर दिया। गीतकार दिलीप सिंह दीपक, दयानंद दयालू, धर्मेश चौहान, प्रभात सिंह चंदेल और सुनील चौचक ने भी होली, हास्य और देशभक्ति से जुड़ी रचनाएँ प्रस्तुत कर समा बाँध दिया।
सोन संगीत फाउंडेशन के सुशील मिश्रा ने फाग और चैती गाकर कार्यक्रम में संगीत का रंग भर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक रामयश त्रिपाठी ने की। अंत में आयोजक प्रदुम्न त्रिपाठी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।








