वाराणसी । के सारनाथ थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। आशापुर चौकी अंतर्गत गाजीपुर रोड स्थित एक देशी शराब की दुकान को महज 25 दिनों के भीतर दूसरी बार निशाना बनाया गया।
ताजा घटना 25 मार्च 2026 की रात की है, जब अज्ञात चोर देर रात पहुंचे और दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे को डंडे से तोड़कर अपने साथ ले गए। पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई, जिससे पुलिस को कुछ अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले भी इसी दुकान पर इसी तरह की चोरी की घटना हो चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों और दुकान के कर्मचारियों में डर का माहौल बना हुआ है। दुकान के सेल्समैन द्वारा आशापुर चौकी में दो बार लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्रवासियों में आक्रोश और चिंता बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो इलाके में अपराध की घटनाएं और बढ़ सकती हैं। स्थानीय लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।








