वाराणसी । के मिर्जामुराद क्षेत्र में शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं सामाजिक न्याय विभाग के सहयोग से मेहंदीगंज मड़ई गांव में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम का संयुक्त संचालन चन्द्रावती एजुकेशनल विशेष विद्यालय एवं मानसिक मंदित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केन्द्र, हरसोस तथा मालती एजुकेशनल चैरिटेबल ट्रस्ट, लोहराडीह (कपसेठी) द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, सीआरसी डायरेक्टर आशीष झा और प्रभारी समन्वयक रमेश शामिल रहे।
इस दौरान नंदलाल मास्टर समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से जरूरतमंदों को व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, छड़ी, कमोड कुर्सी, कुशन कमोड, गले का बेल्ट, घुटना बेल्ट और कमर बेल्ट जैसे सहायक उपकरण वितरित किए।सहायक उपकरण पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विधायक डॉ. सुनील पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा करना भगवान की पूजा के समान है और सरकार उनके सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है। कार्यक्रम का संचालन एवं स्वागत अरविंद कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान हाजरा शकील सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








