मीरजापुर । में नवरात्र मेला विन्ध्याचल के अंतर्गत आयोजित विन्ध्य महोत्सव में “नव निर्माण के नौ वर्ष” कार्यक्रम के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। भारत सरकार के 11 वर्ष एवं प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर यह आयोजन विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा।

इस दौरान अध्यक्ष जिला पंचायत राजू कनौजिया, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अजय कुमार सिंह तथा उप जिलाधिकारी/प्रभारी पर्यटन संजीव यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

बीएलजे ग्राउंड, मीरजापुर में आयोजित प्रदर्शनी को नगरवासियों ने भी देखा और विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम के अंतर्गत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने जिले के विभिन्न विकास खंडों—छानबे, नरायनपुर, पहाड़ी, हलिया, कोन, राजगढ़ और सिटी क्षेत्र—में लोकगीतों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार किया।

जटाशंकर एंड पार्टी, श्रीमंत सहयोग संस्थान, कमलेश पाल, उत्तम दास लोकगीत पार्टी, ज्योति लोकगीत पार्टी सहित कई दलों ने ग्राम पंचायतों और ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
अध्यक्ष जिला पंचायत राजू कनौजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में अभूतपूर्व विकास हुआ है तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय ने प्रदर्शनी की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम बताया।








