मीरजापुर। के विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में आयोजित विंध्य महोत्सव सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। उत्तर प्रदेश विंध्यधाम तीर्थ विकास परिषद के सौजन्य और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देशन में रोडवेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष जिला पंचायत राजू कनौजिया, अपर आयुक्त प्रशासन राजकुमार द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अजय कुमार सिंह तथा डिप्टी कलेक्टर/प्रभारी पर्यटन संजीव कुमार यादव द्वारा मां के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस दौरान अतिथियों का स्वागत भी किया गया।मंच पर पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव की देवी कजरी और भक्ति गीतों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। वहीं पंजाब के प्रसिद्ध लोकगायक अनादि मिश्रा और उनकी टीम ने देवी गीतों से शुरुआत करते हुए भांगड़ा और लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी।

“दमादम मस्त कलंदर” जैसे गीतों पर श्रोतागण झूम उठे और कलाकारों के साथ नृत्य करते नजर आए।इसके अलावा लखनऊ से आए सुरेश कुशवाहा, जया कुमारी, अमित द्विवेदी, मीना देवी, कुसुम पांडेय और राजेश श्रीवास्तव सहित कई कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।

देवरिया, भदोही और मीरजापुर के स्थानीय कलाकारों ने भी कार्यक्रम को यादगार बनाया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी खूब सराहना बटोरी।अंत में सभी कलाकारों को देवी चित्र, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र तिवारी और संजय श्रीवास्तव ने किया, जबकि संपूर्ण व्यवस्था रूपेश श्रीवास्तव और अंजू मौर्या ने संभाली।








