मीरजापुर। मीरजापुर में थाना कोतवाली कटरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से अवैध रूप से भारत में रह रहे 4 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 4 मोबाइल फोन समेत आधार कार्ड, पैन कार्ड, बांग्लादेशी वोटर आईडी और पासपोर्ट सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली कटरा पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम मो. सबूज हुसैन निवासी बांग्लादेश बताया और खुलासा किया कि वह अपने भाई और अन्य साथियों के साथ अवैध रूप से भारत आया है। उसकी निशानदेही पर डगमगपुर पड़री स्थित एक क्रेशर प्लांट से तीन अन्य आरोपियों—सब्बीर हुसैन, नरेशदास और जयदास—को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दलालों के जरिए सीमा पार कर पश्चिम बंगाल पहुंचे, वहां से ट्रेन के जरिए आगरा होते हुए मीरजापुर आए और यहां अपनी पहचान छुपाकर काम करने लगे। उन्होंने फर्जी दस्तावेज तैयार कर बिहार के पते पर आधार और पैन कार्ड भी बनवा लिया था।
इस मामले में थाना कोतवाली कटरा में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह, उपनिरीक्षक नन्हक सिंह, कृष्णकांत त्रिपाठी, मुख्य आरक्षी अरुण कुमार और परवेज अंसारी की टीम शामिल रही।








