मीरजापुर। मीरजापुर में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। वासंतिक नवरात्र के प्रथम दिन 19 मार्च 2026 से शुरू हुए इस 30 दिवसीय अभियान के दूसरे चरण में पुलिस प्रशासन सक्रिय रूप से लोगों को जागरूक कर रहा है।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में महिला बीट आरक्षी, एंटी रोमियो टीम और अन्य पुलिस अधिकारी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं। यह टीमें चौराहों, बाजारों, मंदिरों, शॉपिंग मॉल, स्कूल-कॉलेज, कोचिंग संस्थान, रेलवे स्टेशन और गांवों में जाकर महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रही हैं।

अभियान के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान योजना सहित कई सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, महिला उत्पीड़न और ऑपरेशन मुक्ति के तहत बालश्रम व बाल विवाह रोकथाम से संबंधित कानूनों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस टीम द्वारा छोटे बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में समझाया गया तथा किसी भी समस्या की स्थिति में अभिभावकों या पुलिस को तुरंत सूचित करने की सलाह दी गई।
साइबर सुरक्षा को लेकर भी लोगों को सतर्क किया गया। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल अरेस्ट जैसे खतरों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
इसके अलावा महिलाओं और आमजन को 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 108 व 102 (स्वास्थ्य सेवाएं) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य समाज में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रह सकें।








