बलिया । बैरिया क्षेत्र में गंगा किनारे व दियारा इलाके में हो रहे अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। बुधवार को नायब तहसीलदार दीपक सिंह ने कार्रवाई करते हुए दया छपरा के समीप से चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर को पकड़ लिया। सभी जब्त वाहनों को बैरिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत की जा रही थी कि गंगा किनारे और दियारा क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी की कटाई की जा रही है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा था और किसानों की जमीन भी प्रभावित हो रही थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और अवैध खनन में लगे वाहनों को पकड़ लिया।

इस कार्रवाई से जहां क्षेत्र के किसानों में खुशी का माहौल है, वहीं अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
आनन्द मोहन मिश्रा ब्यूरो बलिया।









