गाजीपुर । जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र स्थित शादियाबाद बाजार में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर व्यापारियों से अवैध वसूली करने वाले एक फर्जी गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा स्थानीय पत्रकार एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष इकरामुल हक उर्फ सोनू अहमद की सतर्कता और साहस के चलते संभव हो सका।बताया जा रहा है कि यह शातिर गिरोह पिछले कई दिनों से गाजीपुर समेत आसपास के जिलों में सक्रिय था और व्यापारियों को छापेमारी का भय दिखाकर उनसे मोटी रकम वसूल रहा था।
जब गिरोह का एक सदस्य शादियाबाद बाजार पहुंचा, तो सोनू अहमद को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। उन्होंने बिना समय गंवाए साहस का परिचय देते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।इस दौरान उन्होंने अपनी जान की परवाह नहीं की, जबकि आशंका थी कि आरोपी के पास हथियार भी हो सकते थे।
स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंचने से स्थिति नियंत्रण में रही। इस बहादुरी से व्यापारियों में खुशी की लहर है और उन्हें सम्मानित भी किया गया।हालांकि, इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अब तक अधिकारियों द्वारा उन्हें औपचारिक सम्मान नहीं दिया गया है।
वहीं गिरोह का सरगना अभी भी फरार है, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।









